एनेक्सी भवन सभागार में राज्यमंत्री कमलेश पासवान की अध्यक्षता में आयोजित हुआ दिशा की बैठक
गोरखपुर। जिला विकास एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक एनेक्सी भवन सभागार में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता ग्रामीण विकास मंत्रालय के राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनपद में चल रहे सभी विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए और उनकी प्रगति से जनप्रतिनिधियों को नियमित रूप से अवगत कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि क्षेत्र की जनता की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराते हैं, इसलिए अधिकारी और जनप्रतिनिधि मिलकर समस्याओं का समाधान करें और जनपद के विकास को गति देने में शासन-प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में सिंचाई और विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बाढ़ से प्रभावित होने वाले गांवों के बचाव के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी जाएं और वर्षा से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि बाढ़ के समय किसी प्रकार की क्षति न हो। साथ ही जो परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं उनका लोकार्पण जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराने को भी कहा गया।
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार हटाने के लिए चिन्हित 258 विद्यालयों में से 143 विद्यालयों के ऊपर से तार हटाए जा चुके हैं, जबकि शेष 115 विद्यालयों में यह कार्य प्रगति पर है।
नामामि गंगे और जलापूर्ति योजना की समीक्षा करते हुए मंत्री ने वाटर टेस्टिंग की रिपोर्ट भी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं खेलो इंडिया योजना के तहत प्रत्येक ब्लॉक में दो मिनी ग्रामीण स्टेडियम बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा। नई बाजार चौरी-चौरा में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नाली निर्माण के प्रस्ताव की प्रति उपलब्ध कराने के लिए अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया।
बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम-किसान, स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 2.0 सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए कहा कि समिति द्वारा उठाई गई समस्याओं का अगली बैठक से पहले समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जनपद के विकास को और गति मिल सके।
इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक प्रदीप शुक्ला, सरवन निषाद, राजेश त्रिपाठी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

