डीएम-एसपी ने बुद्ध विद्या पीठ डिग्री कॉलेज का निरीक्षण कर दिये निर्देश
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन एवं पुलिस अधीक्षक डॉ0 अभिषेक महाजन द्वारा उ0नि0 नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 के दृष्टिगत बुद्ध विद्या पीठ डिग्री कॉलेज सिद्धार्थनगर का निरीक्षण किया गया।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित दिनांक 14 एवं 15 मार्च 2026 को उ0नि0 नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से बुद्ध विद्या पीठ डिग्री कॉलेज, सिद्धार्थनगर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा परीक्षा केंद्र की समस्त व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया। उन्होंने परीक्षा कक्षों, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश, पेयजल, शौचालय, प्रवेश एवं निकास द्वार, सुरक्षा व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए तथा सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय अवस्था में रखें जाएं तथा उनकी सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्र के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अनुचित सामग्री परीक्षा कक्ष में न ले जाई जा सके।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था भी सुचारू रूप से संचालित रहे, इसके लिए आवश्यक बैरिकेडिंग एवं ट्रैफिक प्रबंधन किया जाए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से निर्देशित किया गया कि परीक्षा के दिन केंद्र के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा परीक्षा की गोपनीयता एवं मर्यादा बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास कर लिया जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक ज्ञान प्रकाश, उपजिलाधिकारी नौगढ़ कल्याण सिंह मौर्य, जिला विद्यालय निरीक्षक अरूण कुमार, संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा एक महत्वपूर्ण परीक्षा है, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। अतः परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। – शिवशरणप्पा जीएन, जिलाधिकारी

