सिद्धार्थनगर। जनपद में गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शिवशरणप्प जीएन द्वारा कैंप कार्यालय पर संबंधित तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड के सेल्स ऑफिसर आकाश कुशवाहा, इंडियन ऑयल कारपोरेशन लिमिटेड के प्रतिनिधि एस.के. सोनी तथा भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड के अधिकारी अभिषेक सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्प जीएन ने जनपद में आयोजित किए जाने वाले गैस उपभोक्ता जागरूकता कैंपों की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कैंप स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से कहा कि गैस एजेन्सियों पर भी लाउडस्पीकर लगवाकर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग, गैस रिसाव की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों तथा विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी दे। इसके साथ ही लोगों को यह भी बताया जाए कि गैस सिलेंडर का उपयोग करते समय किन-किन सुरक्षा नियमों का पालन करना आवश्यक है। जागरूकता बढ़ाने से दुर्घटनाओं की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गैस एजेन्सी पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को योजनाओं एवं सुरक्षा उपायों की पूरी जानकारी दी जाए, जिससे वे अपने घरों में गैस का सुरक्षित उपयोग कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि जनपद में गैस वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जाए तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही गैस एजेन्सी का निरीक्षण कर सुचारू गैस वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित कराये। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी एवं गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

