Oplus_16908288
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग (एम.ए) के होनहार छात्र और अंतरराष्ट्रीय किकबॉक्सर सनी सिंह ने एक बार फिर खेल जगत में विश्वविद्यालय का परचम लहराया है। सनी का चयन अप्रैल 2026 में महाराष्ट्र के पुणे स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस मिलिट्री स्कूल में आयोजित होने वाले आगामी सीनियर नेशनल किकबॉक्सिंग ट्रेनिंग कैंप के लिए हुआ है।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन ने सनी की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा, सनी सिंह ने अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासन से यह मुकाम हासिल किया है। मिलिट्री स्कूल पुणे जैसी प्रतिष्ठित जगह पर प्रशिक्षण प्राप्त करना उनके करियर के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। यह नेशनल सीनियर कैंप सनी की तैयारी को निखारने का बेहतरीन अवसर है।
विश्वविद्यालय परिवार और खेल प्रेमियों में उत्साह
सनी की इस सफलता पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
बधाई देने वालों में प्रमुख रूप से प्रो. अनुभूति दुबे (डीएसडब्ल्यू), प्रो. कीर्ति (डीन, कला संकाय), प्रो. विमलेश मिश्रा (क्रीड़ा अध्यक्ष), प्रो. अनुराग द्विवेदी, प्रो. मनीष पांडेय, प्रो. राजीव एवं प्रो .संगीता पांडे प्रो. दीपेंद्र मोहन सिंह शामिल रहे।
सनी सिंह के खेल सफर में मजबूती से साथ खड़े उनके स्पॉन्सर्स – अतुल सर्राफ, अमरीश चंद्र, अमित बाथवाल और निखिल बुधवानी ने भी उन्हें बधाई दी। उन्होंने साझा रूप से कहा, हमें गर्व है कि सनी निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं और देश का नाम रोशन करने के लिए उन्हें अपना पूर्ण सहयोग और समर्थन देना जारी रखेंगे।
पुणे का यह प्रशिक्षण शिविर सनी सिंह के लिए सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहाँ का कड़ा अभ्यास उन्हें साल 2026 की चार बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करेगा:-
– सीनियर नेशनल किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026
– किकबॉक्सिंग सुपर लीग 2026
– एशियन किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए चयन ट्रायल।
– इंडोर एशियन मार्शल आर्ट्स गेम्स 2026 (रियाद) के लिए भारतीय टीम का चयन ट्रायल।
सनी सिंह का यह सफर न केवल गोरखपुर विश्वविद्यालय बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

