कार्यदायी संस्थाओं को 3-4 दिनों में मार्ग को मोटरेबुल बनाने का निर्देश
गोरखपुर। गुरुवार को मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा द्वारा आगामी त्यौहारों, होली एवं रमजान के दृष्टिगत पाण्डेहाता से घन्टाघर, रेती, बक्शीपुर चौराहा, आर्यनगर चौराहा, जटाशंकर होते हुये धर्मशाला तक निर्माणाधीन विरासत गलियारे का निरीक्षण पुलिस उप महानिरीक्षक डॉ0 एस0 चेनप्पा, जिलाधिकारी गोरखपुर दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 कौस्तुभ के साथ किया।
निरीक्षण के दौरान विरासत गलियारे के व्यापारियों द्वारा स्थान-स्थान पर अपनी समस्याओं से अवगत कराया गया, जिनके निराकरण हेतु लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जलकल एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
होली के अवसर पर इस मार्ग पर निकलने वाली नरसिंह यात्रा के दृष्टिगत मण्डलायुक्त द्वारा कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया गया कि आगामी 3-4 दिनों में मार्ग को मोटरेबुल बना दें तथा मार्ग में कही पर भी निर्माण सामग्री इधर-उधर बिखरी न रहे। त्यौहार समाप्त होने तक इस क्षेत्र के व्यापारियों एंव आम नागरिकों को कोई परेशानी न होने पाये। विद्युत विभाग इस दौरान जो कार्य अपूर्ण रह गये हैं, उन्हें द्रुत गति से पूर्ण कराये तथा तारो को डक्ट के अन्दर शिफ्ट कराने व ट्रांसफार्मर्स को भी सही तरीके से स्थापित करा लें। जलकल, नगर निगम के अधिकारियों को मार्ग पर कही भी पेय जल की पाइप लाइन टूटने न पाये इसे सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये गये।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग, निर्माण खण्ड-2 के अधिशासी अभियन्ता, अधीक्षण अभियन्ता विद्युत तथा अन्य विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

