फूड विदाउट फायर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाएं हुईं सम्मानित
गोरखपुर। महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर की उपस्थिति में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस-2026 के परिप्रेक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को रेलवे प्रेक्षागृह, गोरखपुर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष मनीषा बोरवणकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उनके साथ महिला कल्याण संगठन की सदस्यायें उपस्थित थीं।
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण सप्ताह के अन्तर्गत रेलवे अधिकारी क्लब, गोरखपुर में आयोजित फूड विदाउट फायर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष मनीषा बोरवणकर ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस-2026 की अधिकारिक थीम गीव टू गेन पर आधारित रहा। इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे कला समिति के कलाकारों ने मनोहरी समूह नृत्य-गणेश वन्दना, एकल गीत, एकल नृत्य तथा समूह शास्त्रीय गीत प्रस्तुत किया।
समारोह को सम्बोधित करते हुये महाप्रबन्धक उदय बोरवणकर ने कहा कि महिला रेलकर्मियों द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में आमंत्रित महिला वक्ताओं ने बहुत सारी अच्छी बातें कीं। उन्होंने कहा कि लखनऊ निरीक्षण के दौरान महिला दिवस पर महिला रेलकर्मियों से कार्यस्थल को और अच्छा बनाने तथा रेल को और अच्छे ढंग से चलाने पर सार्थक चर्चा हुई। देश की महामहिम राष्ट्रपति महिला ही हैं, जो कि अपने परिश्रम से राष्ट्रपति बनी हैं। पूरे विश्व के लिये हमारे देश का यही संदेश है कि हमारे देश की राष्ट्रपति महिला हैं तथा हमारे देश में प्रत्येक दिवस महिला दिवस है। पूर्वोत्तर रेलवे पर महिलायें हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। हम मुख्यालय एवं मंडलों में कार्यस्थलों को महिलाओं के लिये और खुशनुमा बनाने का प्रयास कर रहे हैं। चूँकि महिलायें हर क्षेत्रों में पुरूषों की तुलना में अच्छा कार्य कर ही हैं। हमें अब महिलाओं की तरफ सहानुभूति की दृष्टि से नही अपितु सम्मान की दृष्टि से देखना चाहिये। महिलायें कार्यस्थल एवं घर पर बहुत अच्छा कार्य कर रहीं हैं। उन्हें चाहिये कि वे जागरूक रहें और अपने घरों के बच्चों एवं पुरूषों को व्यसन से रोकें। महाप्रबन्धक ने कहा कि हमारे यहाँ पर्याप्त खुली जमीनें हैं, जिसमें हम पर्यावरण के लिये बहुत कुछ कर सकते हैं। पर्यावरण के लिये सभी महिलायें एकजुट हों और पूरे वर्ष भर पर्यावरण के क्षेत्र में अच्छा कार्य करें। पर्यावरण संरक्षण का कार्य हमें मिशन मोड में करना होगा। पर्यावरण को बचाने को हम सभी को पूरा प्रयास करना चाहिये।

प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने सभी का स्वागत करते हुये कहा कि आज हम केवल एक उत्सव नहीं मना रहें है बल्कि उस अदम्य साहस, ममता और शक्ति का सम्मान कर रहे हैं, जो हर महिला के भीतर बसी है। आज की महिलायें समाज की वह शक्ति हैं जो परिवार व देश दोनों को मजबूत बनाती हैं।
08 मार्च,2026 को रेलवे स्टेडियम, गोरखपुर में वाक् शक्ति का आयोजन किया गया, जिसमें महिला खिलाड़ी एवं महिला कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। 09 मार्च,2026 को महिला यौन उत्पीड़न जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया,जिसमें मुख्य वक्ता डा0 स्मिता मोदी ने महिलाओं को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया तथा सेल्फ लव, सेल्फ केयर, सेल्फ फिटनेस एवं प्राकृतिक चिकित्सा के द्वारा स्वयं के स्वस्थ रखने के उपाय बताये। 10 मार्च, 2026 को फूड विदाउट फायर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों से महिला कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि जब घर पर रहें तो बेटे, भाई एवं पति को बतायें कि महिला का सम्मान जरूरी है। महिला के सम्मान पर कोई आंच न आये।

आमंत्रित वक्ता विपुला दूबे सेवानिवृत्त प्रोफेसर दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय गोरखपुर ने प्राचीन भारत में महिलाओं की स्थिति, डा0 स्नेहलता सिंह उप मुख्य चिकित्सा निदेशक/मुख्यालय ने महिलाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य तथा सुश्री पारूल दीदी ब्रहमकुमारीज संस्था, गोरखपुर ने खुशनुमा जीवन जीने की कला एवं तनावमुक्त जीवन पर सारगर्भित व्याख्यान दिये।
धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी/मुख्यालय गोपाल प्रसाद गुप्ता ने किया तथा संचालन अंजना लाल ने किया। समारोह में प्रमुख विभिागाध्यक्ष, वरिष्ठ रेल अधिकारी, यूनियन के पदाधिकारी एवं भारी संख्या में महिला रेलकर्मी उपस्थित थीं।

