महराजगंज। जिले के भिटौली थाना प्रभारी मदन मोहन मिश्र पर फर्जी मुकदमा दर्ज करने, थर्ड डिग्री देने और अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पूरे मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने जांच सीओ सदर को सौंप दी है।
भिटौली गांव निवासी सीमा वर्मा पत्नी रमेश वर्मा ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 3 मार्च 2026 को गांव के ही एक व्यक्ति ने कथित तौर पर खुद ही अपना सिर बिजली के पोल से टकरा लिया था। इसके बाद उसके बेटे विशाल वर्मा को इस मामले में बेवजह फंसा दिया गया और पुलिस उसे थाने पर बैठाकर दबाव बनाने लगी।
पीड़िता के अनुसार बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सुलह-समझौता भी हो गया था, लेकिन इसके बावजूद 6 मार्च को गांव के ही एक व्यक्ति के बहकावे में आकर थानाध्यक्ष ने महिला और उसके बच्चों को थाने बुला लिया। आरोप है कि थाने पर उसके बेटे विशाल को बंद कर दिया गया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
महिला का कहना है कि थाने में उसके और उसके पुत्र के साथ गाली-गलौज की गई और पुलिस द्वारा थर्ड डिग्री भी दी गई। इसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ और पुलिस ने महिला तथा उसके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया, जहां से दोनों जमानत पर रिहा हो गए।
सीमा वर्मा ने अपने प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि थानाध्यक्ष द्वारा अब तक उससे करीब 35 हजार रुपये की वसूली की जा चुकी है और लगातार और अधिक पैसे की मांग की जा रही है।
इसके अलावा पीड़िता ने गांव के एक व्यक्ति पर असामाजिक गतिविधियों में शामिल होने तथा उसके परिवार को धमकाने का भी आरोप लगाया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने पूरे प्रकरण की जांच सीओ सदर को सौंप दी है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

