
वर्षों पहले लव मैरिज फिर पत्नी की किसी और से अफेयर के शक में गला रेत कर हत्या
गोरखपुर। सहजनवां में पति ने पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। एक घंटे तक लाश के पास बैठा रहा, फिर थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। थानेदार से बोला- मैंने अपनी पत्नी को मार डाला है, लाश घर पर पड़ी है। जाकर उठा लो। यह सुनते ही पुलिसकर्मी हैरान रह गए। पुलिस आरोपी को लेकर मौके पर पहुंची। वहां महिला की लाश बेड पर खून से लथपथ हालत में मिली। जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। बेटी की मौत की सूचना मिलते ही उसकी मां घर पहुंचीं। लाश देखते ही वह बेहोश हो गईं।पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने दो साल पहले लव मैरिज की थी। पत्नी पर किसी और से अफेयर का शक होने के कारण बुधवार सुबह हत्या कर दी। मामला गोरखपुर के सहजनवां क्षेत्र के बाहिलपार गांव का है।आरोपी अंगद शर्मा सहजनवां का निवासी है। वह कर्नाटक में बढ़ई का काम करता था। दो साल पहले उसने नेहा नाम की युवती से लव मैरिज की थी। नेहा का घर अंगद के घर के सामने था। दोनों की जाति अलग होने के कारण परिवार इस शादी के खिलाफ थे। इसलिए दोनों ने मंदिर में जाकर शादी की थी।
शादी के बाद अंगद नेहा को लेकर कर्नाटक चला गया। कुछ समय बाद वह उसे गांव ले आया। नेहा को सहजनवां में किराए पर कमरा दिलवाया गया, लेकिन बाद में वह गीडा थाना क्षेत्र में अपनी बड़ी बहन के घर चली गई। वहां वह एक वाहन एजेंसी में काम करने लगी। दो महीने पहले अंगद कर्नाटक से वापस लौटा। उसने नेहा को फोन पर बात करते हुए देख लिया। पूछने पर नेहा ने बताया कि वह कंपनी के प्रोजेक्ट को लेकर बात कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों में रोज झगड़े होने लगे।
3 जून की रात दोनों में फिर लड़ाई हुई। इसके बाद दोनों सो गए। बुधवार सुबह अंगद ने पहले नेहा के सिर पर वार किया और फिर गला रेत दिया। हत्या के बाद वह एक घंटे तक लाश के पास बैठा रहा। फिर थाने जाकर खुद सरेंडर कर दिया।
एसपी नॉर्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी ने खुद थाने आकर सरेंडर किया है। घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा कर लिए गए हैं। हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।वही सहजनवां पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही कर रही है।