लखनऊ (सू०वि०)। अटल आवासीय विद्यालय, लखनऊ के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा 2026 रविवार को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। जनपद लखनऊ के अभ्यर्थियों के लिए यह परीक्षा केंद्र महाराजा बिजली पासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आशियाना में आयोजित की गई, जहां कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। परीक्षा पूरी पारदर्शिता, अनुशासन और निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई गई। केंद्र पर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं भी संतोषजनक रहीं। परीक्षा का संचालन महाराजा बिजली पासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आशियाना के प्रधानाचार्य प्रोफेसर सुमन गुप्ता तथा कक्ष निरीक्षकों की देखरेख में किया गया।
परीक्षा के सफल संचालन में उप जिलाधिकारी लखनऊ मोहित यादव, अपर श्रमायुक्त लखनऊ क्षेत्र कल्पना श्रीवास्तव, सहायक श्रमायुक्त शिप्रा चतुर्वेदी, अटल आवासीय विद्यालय लखनऊ के प्रधानाचार्य सुखवीर सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
इसके अतिरिक्त लखनऊ मंडल के अन्य जनपदों सीतापुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, रायबरेली और हरदोई में भी अटल आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। सभी स्थानों पर जिलास्तरीय अधिकारियों और विद्यालय प्रशासन की देखरेख में परीक्षा पारदर्शिता और अनुशासन के साथ सम्पन्न कराई गई।
मंडल के सभी जनपदों में विद्यार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक रही। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लेकर अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश पाने की अपनी उम्मीदों को आगे बढ़ाया।
अपर श्रमायुक्त कल्पना श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी स्तरों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयास से यह परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि अटल आवासीय विद्यालय श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक अवसर मिल सकेंगे।

