गोरखपुर (सू0वि0)। बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, तारा मंडल, गोरखपुर में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने हेतु मंडलीय संगोष्ठी एवं युवा मत्स्य पालक संवाद का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में गोरखपुर मंडल के चारों जिलों (गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज) से प्रबुद्धजन, युवा मत्स्यपालक, तकनीकी विशेषज्ञ एवं विभागीय अधिकारी प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद होंगे, जो मत्स्य क्षेत्र की उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं एवं सरकार की प्रतिबद्धता को साझा करेंगे। इस अवसर पर मंडल की विभिन्न उपलब्धियों, योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट एवं प्रगतिशील मत्स्य पालकों को सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम में “रिवर रैंचिंग”, मत्स्य बीज वितरण, तथा PMMSY योजनाओं की समीक्षा जैसे सत्र भी सम्मिलित रहेंगे।
संगोष्ठी का उद्देश्य:
- मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देना।
- आधुनिक तकनीकों का प्रचार।
- युवाओं को मत्स्य उद्यमिता से जोड़ना।
- मछुआ समुदाय के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में कार्य करना।