टेट अनिवार्यता के विरोध में विशाल धरना-प्रदर्शन, हजारों शिक्षकों ने एकजुटता दिखाई
महराजगंज। गुरुवार को टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर टेट अनिवार्यता के विरोध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, महराजगंज परिसर में विशाल धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह धरना टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में जिला अध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी, डॉ. त्रिभुवन नारायण गोपाल, मंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र एवं उपेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
धरना-प्रदर्शन में जनपद के सभी विकास खण्डों से आए विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों एवं हजारों की संख्या में उपस्थित शिक्षकों ने एकजुट होकर टेट अनिवार्यता के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा लागू की जा रही टेट अनिवार्यता को काला कानून बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश के लगभग तीन से चार लाख शिक्षकों की नौकरी इस निर्णय से प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि इस काले कानून को वापस कराने के लिए हम सभी शिक्षकों को चट्टानी एकता के साथ संघर्ष करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि शिक्षक एकजुट रहे तो निश्चित रूप से सफलता मिलेगी।
अन्य वक्ताओं में हिसामुद्दीन अंसारी, दिनेश यादव एवं ज्ञान्ती देवी ने शिक्षकों को एकता का संदेश देते हुए कहा कि संगठित होकर ही अपने अधिकारों की रक्षा की जा सकती है। विजय प्रताप पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि प्राथमिक विद्यालयों को शोध केंद्र बनाकर बार-बार नए प्रयोग किए जा रहे हैं, जिससे शिक्षकों में असंतोष बढ़ रहा है।
वक्ता दिनेश मणि त्रिपाठी ने टेट अनिवार्यता के विरोध में अपनी स्वरचित कविता के माध्यम से शिक्षकों की भावनाओं को व्यक्त किया, जिसे उपस्थित शिक्षकों ने खूब सराहा। वहीं रविन्द्र शर्मा ने कहा कि योग्यता परीक्षण की अनिवार्यता यदि लागू करनी है तो सभी विभागों में समान रूप से लागू होनी चाहिए, यहाँ तक कि जनप्रतिनिधियों के लिए भी योग्यता परीक्षण अनिवार्य किया जाना चाहिए।
राघवेन्द्र पाण्डेय, मनोज वर्मा, अखिलेश पाठक एवं दिनेश कुमार सिंह ने अपने जोशीले भाषण से शिक्षकों में उत्साह और जोश भर दिया तथा शिक्षकों से एकजुट रहकर संघर्ष करने का आह्वान किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने भी अपने उद्बोधन में कहा कि आज की सबसे बड़ी आवश्यकता शिक्षकों की एकता है और हमें मिलकर अपनी मांगों के लिए संघर्ष करना होगा।
कार्यक्रम के अंत में जिला मंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र ने ज्ञापन पढ़कर सुनाया, जिसे जिलाधिकारी के माध्यम से भारत सरकार को भेजे जाने की घोषणा की गई। पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ (जूनियर हाई स्कूल) के जिला मंत्री उपेन्द्र पाण्डेय एवं अध्यक्ष डॉ. टी. एन. गोपाल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए शिक्षकों की समस्याओं को विस्तार से रखा।
अंततः संगठन मोर्चा के प्रतिनिधियों द्वारा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी महराजगंज, श्रीमती रिद्धि पाण्डेय को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम का समापन प्रधानमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी महराजगंज को सौंपा गया । शिक्षकों की एकजुटता और संघर्ष के संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी ने एक स्वर में टेट अनिवार्यता को वापस लेने की मांग की।
अन्त में राष्ट्रगान के साथ धरना समाप्त किया गया।

