बस्ती। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली, उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार दिनांक 14-03-2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद न्यायाधीश, बस्ती शमसुल हक द्वारा जिले के प्रशासनिक अधिकारियों की प्री-ट्रायल बैठक दिनांक 09-03-2026 को आहूत की गयी। बैठक की अध्यक्षता करते हुये जनपद न्यायाधीश, बस्ती द्वारा बैठक में उपस्थित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
जनपद न्यायाधीश द्वारा कहा गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक वादों का सुलह समझौता के आधार पर निस्तारण किया जाये जिससे आम जन को त्वरित व सुलभ न्याय मिल सकें। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों को नियत किया जाव ताकि अधिकतम मामलों का निस्तारण हो सके। जनपद न्यायाधीश द्वारा सभी विभागों से समन्वय स्थापित कर लोक अदालत को सफल बनाने की अपील की गयी।
नोडल अधिकारी जेबा मजीद द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दिनांक 14-03-2026 को जनपद न्यायालय, कलेक्ट्रेट मुख्यालय एवं समस्त तहसील मुख्यालयों में किया जायेगा।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती राज बाबू द्वारा बताया गया कि उक्त राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, परकाम्य लिखत अधिनियम की धारा-138 से सम्बन्धित मामलें, बैंक वसूली से सम्बन्धित मामलें, मोटर दुर्घटना से सम्बन्धित प्रतिकर याचिकाएं, श्रम वादों, पारिवारिक वादों, भूमि अधिग्रहण से सम्बन्धित वादों, विद्युत एवं जलकर विवाद (चोरी से सम्बन्धित विवादों सहित), सर्विस में वेतन सम्बन्धी विवाद एवं सेवानिवृत्त लाभों से सम्बन्धित विवाद, राजस्व सम्बन्धी वाद, अन्य सिविल वाद (किराया, सुखाधिकार, व्ययादेश, विशिष्ट अनुतोष वाद, आर्बिट्रेशन (हायर पर्चेज एग्रीमेंट से उत्पन्न विवाद) एवं उक्त के अतिरिक्त ऐसे अन्य प्रकार के जिन वादों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर हो सकता है, उन्हें भी अधिक से अधिक संख्या में नियत कर निस्तारित किया जायेगा।
उक्त प्री-ट्रायल बैठक में उपजिलाधिकारी रूधौली मनोज प्रकाश, उपजिलाधिकारी भानपुर हिमांशु कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर सतेन्द्र भूषण तिवारी, ए.आर.टी.ओ. प्रवर्तन, तहसीलदार सदर, तहसीलदार हर्रैया, तहसीलदार भानपुर, तहसीलदार रूधौली व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जागरूकता रैली में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, अपर जिला जज-प्रथम, सहित समस्त न्यायिक अधिकारीगण एवं सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, सचिव भी उपस्थित रहे।

