महराजगंज। जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सौरहा में गुरुवार शाम करीब 4 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पारिवारिक कलह से तंग आकर पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार मृतका नजमा का अपने पति मुर्तुजा से अक्सर विवाद होता था, जिसके चलते वह अधिकतर अपने मायके बरगाहपुर में रहती थी। गुरुवार को नजमा अपनी मां आयशा और एक लड़के के साथ सौरहा स्थित पति के घर सामान लेने पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि सामान लेकर बाहर निकलते समय पति ने जरूरी बात कहकर नजमा को दोबारा घर के अंदर बुलाया। जैसे ही वह अंदर गई, मुर्तुजा ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नजमा की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

