बस्ती। प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले/जनपद प्रभारी मंत्री आशीष कुमार पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विकास कार्यों/कानून व्यवस्था की समीक्षा की गयी। इस अवसर पर विधायक हर्रैया अजय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, जिला अध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह, विधायक कप्तानगंज प्रतिनिधि गुलाब चन्द्र सोनकर, हर्रैया के सरोज मिश्र, सदर के मो. सलीम, महादेवा के फूलचन्द्र श्रीवास्तव तथा अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहें।
बैठक प्रारम्भ होने के पूर्व मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल द्वारा प्रभारी मंत्री को पुष्पगुच्छ तथा अन्य जनप्रतिनिधियों को भी पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। जनपद के प्रभारी मंत्री ने सर्वप्रथम कानून व्यवस्था की समीक्षा की, जिसमें पुलिस विभाग के बेहतर कार्यप्रणाली से सभी जनप्रतिनिधियों ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने पिछले बैठक की अनुपालन आख्या की समीक्षा किया। उन्होंने विभागीय परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि संचालित परियोजनाओं को शीघ्र-अतिशीघ्र पूर्ण कराते हुए संबंधित विभाग को हैण्डओवर करें। उन्होंने अधिशासी अभियन्ता बाढ़ को निर्देशित किया कि बाढ़ से बचाव हेतु समस्त आवश्यक तैयारियां ससमय पूर्ण कर लिया जाय।
सड़क निर्माण की समीक्षा करते हुए उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षतिग्रस्त सड़कों की पैचिंग करायी जाय। एनएचआई को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय राजमार्गाें पर अवैध कटो को चिन्हित करते हुए बंद किया जाय। जल जीवन मिशन की परियोजनाओं की समीक्षा में उन्होंने पाया कि 855 में से 193 परियोजनाएं पूर्ण हो गयी है, शेष परियोजनाओं को शीघ्र-अतिशीघ्र पूर्ण करने का निर्देश अधिशासी अभियन्ता को दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लाभपरक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाय। उन्होंने कहा कि विकास कार्याें में किसी भी प्रकार की लापरवाही व शिथिलता बर्दाश्त नही की जायेंगी।
बैठक में एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह ने कहा कि आटो रिक्शा का रूट निर्धारित किया जाय। इसमें एआरटीओ की भी मदद ली जाय, जिससे आमजन को जाम की समस्या से निजात मिल सकें। बैठक में मंत्री ने जिला आबकारी अधिकारी को अनुपस्थित पाये जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश मुख्य विकास अधिकारी को दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, डीएफओ डा. शिरीन सिद्दीकी, डीडीओ अजय कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी शत्रुध्न पाठक, उपायुक्त (प्रशासन राज्यकर) उपेन्द्र यादव, उपायुक्त उद्योग हरेन्द्र प्रताप, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, भूमि संरक्षण अधिकारी डा. राजमंगल चौधरी, अधिशासी अभियन्ता पीडब्ल्यूडी अवधेश कुमार व एसई हाइडिल खालिद सिद्दीकी, पर्यटन अधिकारी विकास नारायण, ईओनगर पालिका अंगद गुप्ता, डीएसओ विमल कुमार शुक्ला सहित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहें।

