विकास कार्यों संबंधी विभिन्न योजनाओं की सीएम डैशबोर्ड पर प्रगति की समीक्षा हुई
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा देर शाम कैंप कार्यालय में विकास कार्यों संबंधी विभिन्न योजनाओं की सीएम डैशबोर्ड पर प्रगति के कार्यों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने पंचायतीराज, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, सहकारिता, पर्यटन, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, उद्योग सहित विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने पीएम सूर्यघर में लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत सूर्यघर लगवाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पीएम सूर्यघर पर्यावरण हितैषी होने के साथ-साथ लाभार्थी को आय अर्जित करने का अवसर प्रदान करती है। इसलिए इसमें व्यापक अभियान चलाकर लक्ष्य को पूरा करें। उन्होंने पशुपालन विभाग की समीक्षा में समस्त गौआश्रय केंद्रों में संरक्षित गोवंशों की गणना कराने 27 फरवरी को करने का निर्देश दिया। पोषण अभियान में जनपद की खराब रैंकिंग पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने सैम/मैम बच्चों के पोषण की सतत निगरानी और उसमें सुधार का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के मामलों में किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं है।
जिलाधिकारी ने रोजगारपरक योजनाओं का प्रदर्शन सुधारने का निर्देश दिया। उन्होंने दुग्ध और मत्स्य विभाग को सहकारी समितियों और उनमें सदस्य संख्या बढ़ाने के लिए कहा। उन्होंने सीएमओ को 102 और 108 एंबुलेंस सेवा का रिस्पांस टाइम बेहतर करने हेतु निर्देशित किया। कहा कि जरूरतमंद तक एंबुलेंस समय से पहुंचे, इसको सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने बी, सी और डी ग्रेड प्राप्त योजनाओं के संदर्भ में कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि बी,सी और डी ग्रेड कदापि स्वीकार्य नहीं है। जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि अधिकारी अपने विभागीय योजनाओं की प्रगति पर निगाह रखें और सुनिश्चित करें कि प्रगति न खराब होने पाए। जिन योजनाओं में प्रगति खराब होगी, उनमें जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सीएमओ डॉ नवनाथ प्रसाद, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, सहायक पर्यटक अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, सुश्री श्रेया मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

