
- केन्द्रीय मंत्री का विद्यार्थियों से आह्वान : समाज के वंचित, निर्धन एवं असहाय वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराएं
- कॉलेज पिछले छह वर्षों में शैक्षिक गुणवत्ता और विधिक प्रशिक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर चुका है : निदेशक डॉ. दिनेश कुमार सिंह
महराजगंज (गो०मे०सं०)। निचलौल स्थित मनु लॉ कॉलेज में शनिवार को द्वितीय दीक्षांत समारोह का आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के निदेशक डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात सत्र 2023-2024 के विधि स्नातक (एल.एल.बी.) के 96 छात्र-छात्राओं को उपाधि प्रदान की गई।

मुख्य अतिथि पंकज चौधरी ने अपने उद्बोधन में विधि के शासन की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने भारत के संविधान निर्माण में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को अविस्मरणीय और अतुलनीय बताया। उन्होंने कहा कि संविधान ने भारत को एक मजबूत लोकतांत्रिक ढांचा दिया है, जिसे देश के युवा विधिक सेवाओं के माध्यम से और सशक्त बना सकते हैं। उन्होंने उपाधि प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे समाज के वंचित, निर्धन एवं असहाय वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराएं और विधि क्षेत्र में श्रेष्ठता की ओर अग्रसर हों।
डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने अपने स्वागत भाषण में महाविद्यालय की स्थापना, उसके उद्देश्यों और अब तक की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कॉलेज पिछले छह वर्षों में शैक्षिक गुणवत्ता और विधिक प्रशिक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर चुका है। उन्होंने भावी योजनाओं की भी जानकारी दी।

मुख्य अतिथि ने कॉलेज के छात्रों द्वारा प्रस्तुत मूट कोर्ट मंचन की सराहना की और तर्क-वितर्क की क्षमता के विकास में इसकी उपयोगिता को रेखांकित किया। प्राचार्य डॉ. अखिलेश्वर राय ने सभी उपाधि धारकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन कु. अपर्णा त्रिपाठी एवं उप प्राचार्य डॉ. रुद्रेश कुमार ने किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अजय कुमार श्रीवास्तव, संतोष सिंह, निचलौल चेयरमैन शिवनाथ मद्धेशिया, अभिषेक पाण्डेय, गोलू सिंह, जेपी पाल, कृष्ण गोपाल जायसवाल, नरेंद्र खरवार, रमेश बर्मा,सुनील मद्धेशिया, राजेश्वर मणि त्रिपाठी, अनिल गुप्ता,दुर्गा मौजूद रहे।