महराजगंज। जनपद के नौतनवां थाना क्षेत्र के गांधीनगर वार्ड में रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक व्यक्ति ने अपने दो मासूम बेटों की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोग स्तब्ध रह गए।
जानकारी के अनुसार मृतक की पत्नी (एसएसबी) में तैनात है और परिवार नौतनवा के गांधीनगर वार्ड में किराए के मकान में रह रहा था। रविवार सुबह काफी देर तक घर के अंदर से कोई हलचल नहीं दिखी और बच्चे भी बाहर नजर नहीं आए, तो पड़ोसियों को शक हुआ। इसके बाद उन्होंने मृतक की पत्नी को फोन कर इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलने पर महिला तुरंत घर पहुंची और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए।
बताया जा रहा है कि पिता ने पहले अपने दोनों बेटों को खिड़की से रस्सी के सहारे लटका दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद उसने खुद कमरे की छत के कुंडे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
दीवार पर मिला सुसाइड नोट, पत्नी और ससुराल पक्ष पर आरोप
घटना के बाद कमरे की दीवार पर लिखा एक सुसाइड नोट भी सामने आया है, जिसमें मृतक ने अपनी मौत के लिए पत्नी और ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया है।
दीवार पर लिखे संदेश में उसने लिखा – मेरे ससुराल घरवाले मेरे बच्चों को मुझसे दूर करना चाहते हैं। बोलते हैं कि तुम मेरा कुछ नहीं कर सकते हो। मैं अपने बच्चों को अपने से दूर नहीं कर सकता हूं।

आगे उसने लिखा – मेरे साथ रहकर भी मेरी पत्नी सोनू को वीडियो कॉल करती है और कहती है कि तुम मेरा कुछ नहीं कर सकते हो। मैं अपने बच्चे को अपने से दूर नहीं कर सकता हूं।
मृतक ने दीवार पर यह भी लिखा कि उसकी पत्नी वंदना कुमार, जो एसएसबी में तैनात है, और उसके ससुराल पक्ष के लोग उसे लगातार प्रताड़ित करते थे। उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी को कुछ लोग अपने घर बुलाते थे और नवीन नामक व्यक्ति को हर महीने 5 हजार रुपये देती थी।

नोट में उसने लिखा – हमारी मौत का कारण मेरी पत्नी वंदना कुमार (एसएसबी) और उसके पिता राम अवतार, रामचंद्र देवी, नवीन कुमार, सुनीता देवी और अमरनाथ हैं। ये लोग पैसों के लिए मेरी पत्नी को अपने घर बुलाते हैं। नवीन के घर हर महीने 5000 रुपये देती है।
मृतक ने यह भी आरोप लगाया कि सोनू गौतम नामक व्यक्ति उसकी पत्नी का आशिक है और वह भी पैसे लेता है, और उसी की वजह से आज उसका पूरा परिवार खत्म हो गया।
पुलिस कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसएसबी के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दीवार पर लिखे सुसाइड नोट को भी जांच का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।

