सिद्धार्थनगर। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उपाध्यक्ष राज्य महिला आयोग चारु चौधरी द्वारा जनपद सिद्धार्थनगर में महिला सुरक्षा एवं अधिकारों से संबंधित मुद्दों पर विशेष जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक दिनांक 13 मार्च 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे विकास भवन सभागार में संपन्न होगी।
बैठक में जनपद के समस्त संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला उत्पीड़न की घटनाओं की रोकथाम, पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना तथा महिलाओं से जुड़े मामलों की प्रभावी ढंग से समीक्षा करना है। इस दौरान महिला उत्पीड़न से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय और उचित सहायता मिल सके।
साथ ही महिला जनसुनवाई के दौरान जनपद की पीड़ित महिलाएं अपनी शिकायतें सीधे राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगी। प्राप्त शिकायतों पर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने जनपद की सभी महिलाओं से अपील की है कि यदि उन्हें किसी प्रकार की समस्या या शिकायत है तो वे निर्धारित तिथि और समय पर विकास भवन सभागार में उपस्थित होकर अपनी बात रख सकती हैं, ताकि उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

