गोरखपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को जनपद में पीएम श्री अयोध्या दास राजकीय कन्या इंटर कॉलेज परिसर में जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक सहजनवां, विधायक ग्रामीण सहित जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक तथा अपर मुख्य चिकित्साधिकारी सहित अन्य अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत जुपिटर ऑडिटोरियम, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के लिए रोजगार, सम्मान और डीबीटी अंतरण कार्यक्रम के लाइव प्रसारण से की गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की उन मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने बोर्ड परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। साथ ही योजना की दो लाभार्थी बालिकाओं को लैपटॉप भी वितरित किए गए।
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कार्मिकों, शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली शिक्षिकाओं और महिला चिकित्सकों को भी प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त विद्यालयों तथा एएनएम प्रशिक्षण केंद्र, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पीएम श्री अयोध्या दास राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, राम नारायण लाल गर्ल्स इंटर कॉलेज एवं एशियन सहयोगी संस्था के बच्चों ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नारी सशक्तिकरण, कन्या भ्रूण हत्या, बालिका शिक्षा और बाल श्रम उन्मूलन जैसे सामाजिक विषयों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ायी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने प्रतिभागी बच्चों को मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

