सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु हुई बैठक
गोरखपुर। मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में मण्डल स्तर पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मण्डल में घटित सड़क दुर्घटनाओं की अद्यतन स्थिति, जनपद की सीमांतर्गत मार्गवार सड़क दुर्घटना, दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स), जीरो फर्टिलिटी डिस्ट्रिक्ट, ट्रैफिक कमिंग, यातायात नियमों के पालन, ओवरलोडिंग, तेज गति, बिना हेलमेट एवं बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित अन्य प्रवर्तन बिंदु की प्रगति पर विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में निर्देश दिए गए कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर तत्काल सुधारात्मक कार्य किए जाएं। इसके अंतर्गत सड़क की मरम्मत, साइनेज, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर, रोड मार्किंग, ट्रैफिक कमिंग मेजर्स तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। पुलिस एवं परिवहन विभाग को सघन वाहन जांच अभियान चलाने, ओवरस्पीडिंग एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया गया।
अध्यक्ष ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसके लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए तथा आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं, ताकि मण्डल को सड़क दुर्घटनाओं से मुक्त बनाया जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर, पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

