बस्ती । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जिला महिला चिकित्सालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष विवेकानंद मिश्र रहे। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा तथा अंकुर वर्मा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जिला महिला चिकित्सालय के सीएमएस तथा महिला कल्याण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
इस दौरान महिला सशक्तिकरण, बेटियों की शिक्षा तथा उनके सर्वांगीण विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा इस अवसर पर प्रतिभावान छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न सामग्रियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में पांच बालिकाओं को लैपटॉप प्रदान किए गए, जबकि 10 मेधावी छात्राओं को स्कूल बैग, वाटर बॉक्स, टिफिन एवं ज्योमेट्री बॉक्स वितरित कर सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त कन्या जन्मोत्सव के अंतर्गत 25 नवजात बालिकाओं को किट वितरित की गई। अतिथियों ने कहा कि बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा प्रदान कर समाज को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने बालिकाओं को आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग के अशोक सिंह, वीना सिंह, सपना सिंह, साधना अग्रहरि, प्रतिभा श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

