गोरखपुर। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे पर महिला सशक्तिकरण को समर्पित अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। इसी क्रम में, सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम, गोरखपुर में 08 मार्च, 2026 को प्रातः 07.30 बजे से एक शक्ति वॉक का आयोजन किया जायेगा, जिसमें महिला खिलाड़ी एवं महिला रेल कर्मी प्रतिभाग करेंगी।
11 मार्च, 2026 को महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर की उपस्थिति में रेलवे प्रेक्षागृह, गोरखपुर में 15.30 बजे से अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस-2026 के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। 08 मार्च, 2026 को गोरखपुर जं. स्टेशन के रूट रिले इंटरलॉकिंग (आर.आर.आई.) पैनल, स्टेशन संचालन, टिकट बुकिंग, स्टेशन की साफ-सफाई तथा सुरक्षा की जिम्मेदारी पूरी तरह महिला कर्मचारियों द्वारा निभाई जायेगी। इसके अतिरिक्त वाराणसी, लखनऊ एवं इज्जतनगर मंडलों में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
विदित है कि यांत्रिक कारखाना, गोरखपुर में नॉन ए.सी. ट्रिमिंग शॉप पूरी तरह से महिला रेल कर्मियों द्वारा संचालित किया जाता है। लखनऊ मंडल का लखनऊ सिटी स्टेशन पूर्ण रूपेण महिला कर्मियों द्वारा संचालित किया जा रहा है। भारतीय रेल पर आज महिलायें प्रशासनिक पदों के साथ ही लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड) सहित ट्रेन संचालन, सिगनलिंग, टिकट जांच एवं अन्य तकनीकी पदों पर सफलतापूर्वक कार्य कर रही हैं। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर 07 मार्च, 2026 को मंडल रेल प्रबन्धक/इज्जतनगर वीणा सिन्हा की उपस्थिति में अधिकारी क्लब, इज्जतनगर में 09.30 बजे से 13.00 बजे तक स्वास्थ्य कैम्प का आयोजन किया जायेगा, जिसमें स्वास्थ्य सम्बन्धी विशेषज्ञ द्वारा व्याख्यान दिया जायेगा। वाराणसी मंडल पर सवारी ट्रेनों का संचालन महिला लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर (गार्ड) द्वारा किया जायेगा।
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गोरखपुर जं. स्टेशन पर टिकट जांच, यात्री आरक्षण, टिकट बुकिंग, साफ-सफाई एवं सुरक्षा का कार्य भी महिला रेल कर्मियों द्वारा किया जायेगा। कोचिंग डिपो में तैनात महिला तकनीशियनों द्वारा ट्रेनों के अनुरक्षण का कार्य किया जायेगा। मैकेनाइज्ड लॉन्ड्री, गोरखपुर में लिनेन की धुलाई एवं उनके रख-रखाव का पूरा कार्य महिला कर्मियों द्वारा किया जायेगा।
यांत्रिक कारखाना, गोरखपुर में मुख्य कारखाना प्रबन्धक/यांत्रिक कारखाना डॉ० सुनील कुमार शर्मा की उपस्थिति में समाज में महिलाओं की भूमिका एवं उनके सशक्तिकरण के महत्व के परिप्रेक्ष्य में महिला सशक्तिकरण पुस्तक का विमोचन किया जायेगा।
साथ ही महिला सशक्तिकरण विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया जायेगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे। कार्यक्रम के दौरान महिला कर्मियों का उत्साहवर्धन किया जायेगा। महिला रेल कर्मियों एवं महिला यात्रियों की सुविधा हेतु पूर्वाेत्तर रेलवे के प्रमुख स्टेशनों पर वात्सल्य (शिशु स्तनपान कक्ष) का प्रावधान किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल (आर.पी.एफ.) द्वारा ट्रेनों में यात्रा करने वाली महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिये मेरी सहेली अभियान संचालित किया जा रहा है।
मेरी सहेली अभियान में महिला आर.पी.एफ. कर्मचारियों की एक टीम सम्मिलित है, जो अकेली यात्रा कर रही महिला यात्रियों से मिलकर उन्हें आश्वासन देती है कि रेलवे उनकी देखभाल करने के लिये प्रतिबद्ध है। इस रेलवे के महत्वपूर्ण स्टेशनों पर मेरी सहेली टीम का गठन किया गया है, जो महिला यात्रियों की शिकायतों पर उन्हें त्वरित सहायता सुनिश्चित करती हैं। मेरी सहेली टीम यात्रा के दौरान किसी तरह की शिकायत के लिये रेलवे हेल्पलाइन 139 के बारे में उन्हें जागरूक करती हैं।
इसके अतिरिक्त मुख्यालय तथा वाराणसी, लखनऊ एवं इज्जतनगर मंडलों की महिला रेल कर्मी उत्साहपूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन कुशलतापूर्वक कर रही हैं।

