महराजगंज। जिले के निचलौल थाना क्षेत्र के डोमा काटी गांव में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती बुरखा पहनकर गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों की नजर जैसे ही टावर पर खड़ी युवती पर पड़ी, देखते-देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

भीड़ बढ़ती देख युवती ने ऊपर से एक पत्र नीचे फेंका पत्र में उसने एक युवक को संबोधित करते हुए लिखा कि वह पिछले करीब 12 वर्षों से उससे प्रेम करती है और युवक द्वारा छोड़कर चले जाने से वह मानसिक रूप से बेहद आहत है। युवती ने चेतावनी दी कि यदि युवक तुरंत वापस नहीं आया तो वह उसके नाम की कसम खाकर जहर खा लेगी। पत्र में कुछ मोबाइल नंबर और युवक के पिता का नाम भी लिखे होने की बात सामने आई है।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक चले समझाइश और मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

