आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 1 और 2 मार्च को खुलेगा ऑनलाइन करेक्शन विंडो
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने शोध पात्रता परीक्षा (RET) 2025 के कार्यक्रम में आवेदन की अंतिम तिथि अब 28 फरवरी तक बढ़ा दी है। प्रवेश परीक्षा मार्च के तीसरे सप्ताह में होगी जिसका विस्तृत कार्यक्रम होली के तुरंत बाद जारी कर दिया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि जिन आवेदकों के फॉर्म में आवेदन के दौरान कोई त्रुटि हो गई है, उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए 1 और 2 मार्च को करेक्शन विंडो खोलने का निर्णय लिया गया है, जिसके माध्यम से आवेदक अपने फॉर्म में हुई किसी भी त्रुटि को ऑनलाइन सुधार सकेंगे। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि पाठ्यक्रम के नाम और अभ्यर्थी के कैटेगरी में कोई परिवर्तन अनुमन्य नहीं होगा।
इस बार विश्वविद्यालय द्वारा कुल 46 विषयों में शोध हेतु आवेदन मांगे गए हैं, जिनमें 866 फुल-टाइम, 55 पार्ट-टाइम और 90 स्ववित्तपोषित सीटों पर चयन किया जाना है।
अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.dduguadmission.in पर जाकर 28 फरवरी तक अपना आवेदन पूर्ण कर सकते हैं। इस बार ऐसे सभी अभ्यर्थी आवेदन के पात्र हैं जिन्होंने वर्ष 2025 तक अपनी परास्नातक उपाधि प्राप्त कर ली हो। – प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा

