गोरखपुर। सदर सांसद रवि किशन शुक्ल को 18वीं लोकसभा की अवधि हेतु भारत-मलेशिया संसदीय मैत्री समूह का सदस्य नामित किया गया है। यह निर्णय उनके दीर्घकालिक संसदीय अनुभव, सक्रिय सहभागिता तथा जनसेवा के प्रति समर्पण को दृष्टिगत रखते हुए लिया गया है।
सांसद ने अपने संसदीय कार्यकाल के दौरान विकास, रोजगार, संस्कृति एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सदैव सशक्त भूमिका निभाई है। उनका व्यापक अनुभव और दूरदृष्टि भारत तथा मलेशिया के बीच संसदीय संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
यह संसदीय मैत्री समूह दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूती प्रदान करने, व्यापारिक सहयोग को प्रोत्साहित करने तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान को विस्तार देने के उद्देश्य से गठित किया गया है।
इस अवसर पर सांसद रवि किशन ने अध्यक्ष ओम बिरला के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि उनके विश्वास एवं मार्गदर्शन से उन्हें अंतरराष्ट्रीय संसदीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त हुआ है। सांसद का इस महत्वपूर्ण संसदीय समूह में प्रतिनिधित्व करना गोरखपुर सहित सम्पूर्ण पूर्वांचल के लिए गर्व का विषय है।

