21 से 23 फरवरी तक चले निरीक्षण में अधिकांश केंद्रों की व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक, साफ-सफाई व राष्ट्रीय कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की सराहना।
कौड़ीराम, गोरखपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौड़ीराम के अंतर्गत संचालित सभी स्वास्थ्य इकाइयों का एसआरएम टीम द्वारा 21 फरवरी से 23 फरवरी तक सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौड़ीराम, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मलाव, नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डवरपार, गजपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बासुडीहा सहित समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं स्वास्थ्य उपकेंद्रों का गहन मूल्यांकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य इकाइयों में उपलब्ध सभी प्रकार की सेवाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई व्यवस्था, दवाओं एवं क्रियाशील उपकरणों की उपलब्धता, अभिलेख संधारण, मरीजों के उपचार की स्थिति, आपातकालीन सेवाएं तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं सुरक्षा मानकों का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। अधिकांश स्वास्थ्य केंद्रों का फीडबैक संतोषजनक पाया गया।
टीम ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं अधिकांश केंद्रों पर व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित पाई गईं। कर्मचारियों द्वारा अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करते हुए पाया गया तथा मरीजों के साथ उनके व्यवहार पर भी टीम ने संतोष व्यक्त किया।
एसआरएम टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौड़ीराम पर मरीजों एवं उनके तीमारदारों से उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में संवाद भी किया, जिसमें संतोषजनक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई।
निरीक्षण टीम में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी संत कबीर नगर डॉ. शैलेन्द्र कुमार सिंह एवं फैमिली प्लानिंग कंसल्टेंट इम्तियाज़ अहमद शामिल रहे। निरीक्षण उपरांत टीम के अधिकारियों ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार वर्मा एवं उनकी टीम के कार्यों की सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया।

