प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत : प्रज्ञा त्रिपाठी
लखनऊ। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, लालबाग लखनऊ एवं ए.पी. सेन गर्ल्स डिग्री कॉलेज, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन ए.पी. सेन गर्ल्स डिग्री कॉलेज परिसर में किया गया। रोजगार मेले में कुल 09 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें लगभग 157 महिला अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। चयन प्रक्रिया के उपरांत 68 महिला अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों पर चयन किया गया। इस अवसर पर प्रभारी जिला रोजगार सहायता अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी ने नियोजकों एवं उपस्थित अभ्यर्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि आत्मनिर्भर भारत अभियान को सफल बनाने तथा हर हाथ को काम उपलब्ध कराने की दिशा में सेवायोजन विभाग द्वारा नियमित रूप से रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने महिला अभ्यर्थियों से अपील की कि वे ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी करें और अपने कौशल का विकास कर बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त करें। साथ ही नियोजकों का आह्वान किया कि वे अधिकाधिक युवाओं को अवसर प्रदान कर राज्य की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में सहयोग करें।

