बीआरसी कौड़ीराम पर आयोजित हुआ कार्यक्रम
कौड़ीराम, गोरखपुर। बीआरसी परिसर कौड़ीराम में शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) परीक्षा तथा इंस्पायर अवार्ड में चयनित विकासखंड के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी जय प्रकाश मौर्य ने बच्चों को माला पहनाकर, मिठाई खिलाकर तथा स्टेशनरी भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी जय प्रकाश मौर्य ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इन बच्चों की सफलता से ब्लॉक के अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी आगे बढ़ने का प्रयास करेंगे। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए पूरी शैक्षणिक टीम और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इनका हुआ सम्मान
सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में कौड़ीराम क्षेत्र से अन्तिमा कुमारी, आशुतोष कुमार व आकृति विश्वकर्मा, बेलीपार से दीक्षा गौतम, आशुतोष शर्मा, अदिति जैसवार, प्रिया व सुंदरी, कोठा-1 से प्रियांशु पटवा, मलांव से आभा, सोनवापार से दिव्या तथा भलुआन से निखिल शामिल रहे। वहीं इंस्पायर अवार्ड के लिए करंजही के अमनदीप तथा कतरारी की दिव्यता पासवान को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों और अभिभावकों की भी उपस्थिति रही।

