गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रशासनिक भवन में संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, निदेशकों एवं विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी परीक्षाओं के सुचारु एवं समयबद्ध आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय में परास्नातक सम सेमेस्टर की परीक्षाएं 6 अप्रैल से प्रारंभ की जाएंगी। इसके साथ ही इसी अवधि में प्राइवेट परीक्षाओं का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि सभी परीक्षाएं समय पर संपन्न कराई जा सकें।
इसके अतिरिक्त यह भी तय किया गया कि स्नातक सम सेमेस्टर की परीक्षाएं 15 अप्रैल से प्रारंभ होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षाओं की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विज्ञान संकाय के प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) परीक्षाएं 15 मार्च से शुरू होंगी। साथ ही सभी विभागों को आंतरिक मूल्यांकन के अंक निर्धारित समयसीमा में विश्वविद्यालय पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है कि शैक्षणिक कैलेंडर का पूर्णतः पालन किया जाए और परीक्षाओं का आयोजन समयबद्ध, पारदर्शी तथा सुचारु ढंग से संपन्न हो। इसके लिए सभी संकायों और विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। – प्रो० पूनम टंडन, कुलपति

