Oplus_16908288
यूपीएससी में 26वीं रैंक प्राप्त करने वाली गोरखपुर की बेटी ईशिता शर्मा को किया गया सम्मानित
फूलों की होली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा समारोह
गोरखपुर। रोटरी क्लब गोरखपुर द्वारा होली के पावन पर्व और अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर एक भव्य होली मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। रंग, उल्लास और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे इस आयोजन में क्लब के सदस्यों ने अपने परिवारों के साथ भाग लेकर होली के पारंपरिक उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम में बरसाना और नंदगांव की परंपरा पर आधारित फूलों की होली मुख्य आकर्षण रही, जिसने पूरे वातावरण को उत्सवी बना दिया।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। विशेष रूप से गोरखपुर की प्रतिभाशाली बेटी ईशिता शर्मा को सम्मानित किया गया, जिन्होंने हाल ही में घोषित यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में 26वीं अखिल भारतीय रैंक प्राप्त कर शहर और प्रदेश का नाम रोशन किया है। रोटरी क्लब गोरखपुर ने उनकी इस उपलब्धि को गोरखपुर के लिए गर्व का विषय बताते हुए उन्हें सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।इस अवसर पर उनके पिता दिनेश शर्मा और माँ अर्चना शर्मा को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रोटरी क्लब के अध्यक्ष सतीश राय ने कहा कि होली का पर्व प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर समाज को एकजुट करने और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का माध्यम बनते हैं। वहीं क्लब के सचिव संचित श्रीवास्तव ने कहा कि होली का उत्सव हमें आपसी भेदभाव मिटाकर मिल-जुलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
समारोह में महिलाओं और बच्चों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक होली गीतों, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। पारंपरिक साड़ी और लहंगे में सुसज्जित रोटेरियन महिलाओं तथा भारतीय परिधान में उपस्थित रोटेरियन सदस्यों ने कार्यक्रम को उत्साह और रंगों से भर दिया। बच्चों के लिए विशेष उपहार भी वितरित किए गए, जिससे उनका उत्साह दोगुना हो गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में विशाखा गुप्ता, आशीष जोशी,पूर्वी नारायण पांडेय, डॉ. रश्मि श्रीवास्तव, अनिल वालानी,आलोक अग्रवाल, मनीष जायसवाल, प्रवीर आर्या और डॉ. बबिता शुक्ला का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में क्लब के पूर्व अध्यक्ष डॉ शिव शरण दास, मंकेश्वर नाथ पांडेय, सर्वेश दूबे, जीडी श्रीवास्तव, डॉ. आर.पी. शुक्ल, पुष्प दंत जैन, संजीव अग्रवाल, महावीर कंदोई, डॉ. अश्विनी अग्रवाल, शुभेंदु श्रीवास्तव,आलोक अग्रवाल, सुधांशु चंद्र वर्मा, हरिनंदन श्रीवास्तव, प्रवीर आर्या, रीना त्रिपाठी, आशुतोष मिश्र, अमित बथवाल, राहुल कुमार,मान्धाता सिंह, डॉ मोहन झा,अचिंत लहरी,डॉ बबिता शुक्ला,डॉ. प्रीति मल्ल, शालिनी दास, रचना दास, माला श्रीवास्तव, अशोक गुप्ता, डॉ. मोहन झा, दिनेश सिंह सारथी, अरशद जमाल समानी, डॉ. सोहन, विकल्प त्रिपाठी, सज्जन माथुर, सुनील केशरवानी, महेश गर्ग, वी.के. श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक फाग गीतों के साथ आधुनिक संगीत पर प्रस्तुतियां हुईं, जिससे पूरा वातावरण संगीतमय हो उठा। विभिन्न खेलों और प्रतियोगिताओं ने समारोह में उत्साह का रंग और गहरा कर दिया। अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम व सद्भाव का संदेश दिया।

