गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो पूनम टंडन की अध्यक्षता में संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों एवं निदेशकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारियों एवं प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय में आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया की शुरुआत अप्रैल माह से कर दी जाएगी। इसके लिए सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कुलपति ने निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने-अपने विभागीय ब्रॉशर शीघ्र तैयार करें, जिनमें संचालित पाठ्यक्रमों, विभाग की उपलब्धियों, शोध कार्यों एवं अन्य अकादमिक गतिविधियों का विस्तृत विवरण शामिल हो। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग पोस्टर, ब्रोशर एवं अन्य माध्यमों से अपने पाठ्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार की प्रक्रिया प्रारंभ करें, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं तक विश्वविद्यालय की शैक्षणिक संभावनाओं की जानकारी पहुंच सके।
इसके साथ ही कुलपति ने यह भी निर्देश दिया कि जिन विभागों को किसी पाठ्यक्रम की सीटों की संख्या अथवा फीस संरचना में परिवर्तन का प्रस्ताव देना है, वे एक सप्ताह के भीतर अपना प्रस्ताव विश्वविद्यालय प्रशासन को भेज दें, ताकि उसे संबंधित निकायों से समय पर अनुमोदित कराया जा सके।
गोरखपुर विश्वविद्यालय निरंतर शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में कार्य कर रहा है। नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के साथ-साथ हमें अपने पाठ्यक्रमों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से छात्रों तक पहुंचाना होगा जिससे विश्वविद्यालय की अकादमिक पहचान और अधिक मजबूत हो। – प्रो. पूनम टंडन, कुलपति

