- सीएमओ की अध्यक्षता में हुई डेटा वेलीडेशन सम्बन्धी मासिक बैठक
- ई-कवच पर रिपोर्टिंग और आभा आईडी पर रहेगा विशेष जोर
गोरखपुर। जिले के सीएमओ डॉ राजेश झा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण डेटा बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाओं की नीव हैं। इनके जरिये गैप एनालिसिस कर उच्च स्तरीय सेवाएं दे पाना संभव होता है। यह बातें उन्होंने जिले के स्वास्थ्य महकमे के डेटा वेलीडेशन कमेटी की मासिक बैठक के दौरान कहीं। बैठक का आयोजन सीएमओ कार्यालय के प्रेरणा श्री सभागार में शनिवार को हुआ। मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएमओ डॉ झा ने ई-कवच पर रिपोर्टिंग और आभा आईडी पर विशेष जोर दिया।
सीएमओ ने कहा कि डेटा सम्बन्धी कार्यों में सुधार के कारण यूपी हेल्थ डैशबोर्ड रैंकिंग में जिले की स्थिति बेहतर बनी हुई है। गोरखपुर जिला टॉप फाइव में बना हुआ है। इसे स्थिर रखने के लिए डेटा की सटीकता पर जोर देना होगा। जहां कहीं भी डेटा सम्बन्धी गैप दिखे उसे दूर करना होगा। प्रत्येक ब्लॉक पर इसकी सघन निगरानी की जानी चाहिए और इस सम्बन्ध में बैठकें भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आभा आईडी का सृजन और उसकी रिपोर्टिंग शासन की प्राथमिकता में है। यह प्रत्येक ब्लॉक की भी प्राथमिकता होनी चाहिए।
डॉ झा ने कहा कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में ई-कवच पर रिपोर्टिंग की अहम भूमिका रही है। सही रिपोर्टिंग के जरिये हम छूटे हुए क्षेत्रों और वंचित लाभार्थी समूहो पर फोकस कर पाते हैं। यह रिपोर्टिंग सही से हो इसके लिए आशा स्तर से लेकर जिला स्तर तक सतर्कता बरतनी होगी। डेटा एक टीम भावना का काम है और इसके लिए सभी को समन्वय बना कर काम करना होगा।
इस अवसर पर एसीएमओ आरसीएच डॉ एके चौधरी, डिप्टी सीएमओ डॉ राजेश, डॉ अश्विनी चौरसिया, डीपीएम पंकज आनंद, डीडीएम पवन कुमार और एचएमआईएस सहयोगी मनीष त्रिपाठी सहित सभी ब्लॉकों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

