पेट्रोल पंप एसोसिएशन एवं जनपद की विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ डीएम ने की
महराजगंज। सोशल मीडिया पर डीजल-पेट्रोल तथा एलपीजी गैस की किल्लत संबंधी फैल रही अफवाहों के दृष्टिगत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पेट्रोल पंप एसोसिएशन एवं जनपद की विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम पेट्रोल पंप संचालकों एवं गैस एजेंसी मालिकों से डीजल-पेट्रोल तथा एलपीजी सिलिंडर की उपलब्धता और आपूर्ति की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। सभी पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसी संचालकों ने अवगत कराया कि उन्हें नियमित रूप से डीजल-पेट्रोल तथा एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति हो रही है और जनपद में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनपद में कहीं भी डीजल-पेट्रोल या गैस की कोई किल्लत नहीं है। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर अफवाह फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे अनावश्यक घबराहट का माहौल बन रहा है। ऐसे तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि किसी भी परिस्थिति में वाहनों के अतिरिक्त किसी कनस्तर, बोतल या अन्य बर्तन में डीजल–पेट्रोल का विक्रय न किया जाए। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध रूप से बार-बार डीजल–पेट्रोल खरीदने का प्रयास करता है तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दी जाए।
उन्होंने गैस एजेंसियों को भी निर्देश दिया कि एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति केवल ऑनलाइन बुकिंग के आधार पर ही की जाए तथा ग्राहकों के घर तक ही वितरण सुनिश्चित किया जाए। बिना ऑनलाइन बुकिंग के एलपीजी सिलिंडर का वितरण पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्पष्ट किया गया कि गैस एजेंसी के गोदाम से सीधे सिलिंडर का वितरण नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि टीम गठित कर प्रवर्तन कार्रवाई को तेज किया जाए तथा औचक निरीक्षण के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रशासन के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन हो रहा है। किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर संबंधित पेट्रोल पंप या गैस एजेंसी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह सहित पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसियों के संचालक उपस्थित रहे।

