महिला रेलवे सुरक्षा बल कर्मियों द्वारा ट्रेनों एवं स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे पर 08 मार्च को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण के अनेक कार्यक्रम आयोजित किये गये। इसी क्रम में सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम, गोरखपुर में शक्ति वॉक् का आयोजन किया गया। शक्ति वॉक् को महिला रेलकर्मी सुश्री मीरा सिकन्दर ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस शक्ति वॉक् में महिला खिलाड़ियों एवं महिला रेलकर्मियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ के महासचिव एवं मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

इसके अतिरिक्त गोरखपुर रेलवे स्टेशन से गाड़ी संख्या 65115 भटनी-अयोध्या धाम वाया गोरखपुर मेमू गाड़ी का संचलन पूर्णरूप से महिला रेलकर्मियों द्वारा किया गया। इस गाड़ी में लोको पायलट प्रियंका शर्मा, सहायक लोको पायलट निधि गौतम, ट्रेन मैनेजर जागृति त्रिपाठी, मुख्य टिकट निरीक्षक मुक्ता प्रभा बरला, टिकट निरीक्षक नीना सिएल तथा रेलवे सुरक्षा बल कर्मी नेहा यादव कार्यरत रहीं।
गोरखपुर जं0 स्थित इलेक्ट्रानिक पैनल पर कार्यरत कर्मचारी- स्टेशन मास्टर अंकिता कुमारी, स्टेशन मास्टर रूबी कुमारी, स्टेशन मास्टर खुशनसीबा खातून, स्टेशन मास्टर शालू कुमारी, स्टेशन मास्टर/एरिया कन्ट्रोलर(गुड्स) प्रियंका कुमारी तथा कांटावाला अर्चना यादव ने ट्रेन परिचालन का कार्य सफलतापूर्वक सम्पादित किया।

महिला रेलवे सुरक्षा बल कर्मियों द्वारा ट्रेनों एवं स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गोरखपुर स्टेशन के बुकिंग एवं आरक्षण केन्द्र के सभी काउण्टरों पर महिला रेलकर्मियों द्वारा सभी कार्य सफलतापूर्वक किया गया। कोचिंग डिपो, गोरखपुर में ट्रेनों के अनुरक्षण का कार्य महिला कर्मियों द्वारा सम्पन्न किया गया तथा गोरखपुर स्टेशन का लाण्ड्री यूनिट में सभी कार्य महिलाओं द्वारा किये गये। इसके अतिरिक्त गोरखपुर जं0 पर सफाई का कार्य महिलाओं द्वारा निष्ठापूर्वक किया गया।
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में अंकुर उद्योग लिमिटेड, गोरखपुर ने गोरखपुर स्टेशन को 04 सेनिटरी पैड वेंडिंग मशीने प्रदान किये, जिनमें रू0 5/- के सिक्के से महिलाओं को सेनिटरी पैड उपलब्ध कराये जायेंगे। इनमें 03 मशीनें गोरखपुर तथा 01 मशीन खलीलाबाद स्टेशन पर स्थापित की गई।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से गोरखपुर स्टेशन पर महिला कर्मचारियों की दक्षता, समर्पण और सशक्त भागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया।

