जनगणना-2027 हेतु एनेक्सी भवन सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
गोरखपुर। अपर जिलाधिकारी (वित्त व राजस्व) विनीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को सर्किट हाउस स्थित एनेक्सी भवन सभागार में जनगणना-2027 से संबंधित समस्त जिला स्तरीय अधिकारीयों, संबंधित चार्ज अधिकारियों, सहायक चार्ज अधिकारियों हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी ने सभी, खंड विकास अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों, बाल विकास परियोजना अधिकारियों को जनगणना ड्यूटी से संबंधित कार्मिकों का विवरण तीन दिन में उपलब्ध कराने एवं सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं अधिशासी अधिकारियों को ड्यूटी लगाने के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय के उपनिदेशक एवं गोरखपुर मंडल के प्रभारी गौरव कुमार पांडेय, सहायक निदेशक एवं जिला प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने अधिकारियों को जनगणना से संबंधित सभी तकनीकी बिंदुओं से अवगत कराया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना अधिकारियों ने बताया कि आगामी जनगणना, 2027 ऐतिहासिक एवं विशेष है। उन्होंने बताया कि यह प्रथम अवसर होगा जब संपूर्ण जनगणना प्रक्रिया शत -प्रतिशत डिजिटल माध्यम से संपादित की जाएगी। इस बार जनगणना कार्य पूर्णतः मोबाइल एप्लिकेशन आधारित होगा। प्रगणक एवं पर्यवेक्षक अपने स्वयं के मोबाइल फोन के माध्यम से आंकड़ों का संकलन करेंगे। साथ ही, आरंभ से अंत तक संपूर्ण संचालन, पर्यवेक्षण एवं प्रबंधन हेतु जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली का उपयोग किया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना अधिकारियों द्वारा जनगणना से संबंधित सीएमएमएस पोर्टल पर टेस्ट प्रोग्राम के माध्यम से सभी चार्ज अधिकारियों/तहसीलदारों एवं सहायक चार्ज अधिकारियों को वेब मैप के माध्यम से एचएलबी क्रिएशन ,अपडेशन, सर्किल क्रिएशन, ईवी क्रिएशन, सुपरवाइजर एवं प्रगणकों की नियक्ति करने, नियुक्ति पत्र एवं पहचान पत्र बनाने आदि का सजीव प्रशिक्षण दिया गया। जनगणना अधिकारियों ने पोर्टल पर क्या करे एवं क्या न करे के बारे भी बताया। उन्होंने उक्त कार्यों में सावधानीपूर्वक सही डाटा भरने एवं गलती न करने की सलाह दिया। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर डाटा भरने से पहले उसका टेबल एक्सरसाइज अवश्य करें। प्रशिक्षण में सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

