लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं समग्र आवासीय शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित अटल आवासीय विद्यालय योजना के तहत शैक्षिक सत्र 2026-27 हेतु कक्षा 6 एवं कक्षा 9 में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा दिनांक 08 मार्च 2026 को प्रदेश के समस्त जनपदों में सफलतापूर्वक सम्पन्न कराई गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन विभाग डॉ एम. के. शनमुगा सुंदरम ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्थापित कुल 89 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित इस परीक्षा में विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली, जो इस योजना के प्रति श्रमिक परिवारों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।
उन्होंने बताया कि कक्षा 6 में प्रवेश हेतु निर्धारित 2880 सीटों के सापेक्ष कुल 12,018 विद्यार्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया, जबकि कक्षा 9 में प्रवेश हेतु निर्धारित 1140 सीटों के सापेक्ष 9,054 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार दोनों कक्षाओं को मिलाकर कुल 21,072 विद्यार्थियों ने प्रवेश परीक्षा में भाग लिया।
उन्होंने बताया कि अटल आवासीय विद्यालयों की प्रवेश परीक्षा पहली बार पूरे प्रदेश में एक ही दिन आयोजित की गई, जिससे परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, एकरूपता तथा प्रशासनिक समन्वय सुनिश्चित किया जा सका। परीक्षा की गुणवत्ता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से प्रश्नपत्र प्रदेश स्तर पर विशेषज्ञों द्वारा तैयार किए गए, जिससे सभी परीक्षा केन्द्रों पर समान मानकों के अनुसार परीक्षा सम्पन्न कराई गई।
प्रमुख सचिव ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रत्येक जनपद में जिला प्रशासन, श्रम विभाग के अधिकारियों, नामित नोडल अधिकारियों तथा परीक्षा केन्द्रों के अधीक्षकों द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा, गोपनीयता तथा अनुशासन बनाए रखने के लिए समुचित प्रबंध किए गए, जिसके परिणामस्वरूप परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई।
जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि अटल आवासीय विद्यालय योजना उत्तर प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं निराश्रित बच्चों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा प्रदान की जा रही है।
इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को निःशुल्क आवासीय शिक्षा, भोजन, गणवेश, पुस्तकें, खेलकूद सुविधाएं, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियाँ तथा आधुनिक शिक्षण संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे उनका समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।
प्रदेश में संचालित अटल आवासीय विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुरूप शिक्षा प्रदान की जाती है तथा विद्यार्थियों के लिए आधुनिक कक्षाएं, छात्रावास, पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं, खेल मैदान तथा डिजिटल शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रदेश स्तर से लेकर जिला स्तर तक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से परीक्षा को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया।

