सिद्धार्थनगर। जनपद में आमजन को गैस आपूर्ति की व्यवस्था को सुचारु एवं पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. एवं पुलिस अधीक्षक डॉ0 अभिषेक महाजन द्वारा श्री जीण माता एचपी गैस ग्रामीण वितरण, कंदवा बाजार, सिद्धार्थनगर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा गैस एजेंसी में उपलब्ध व्यवस्थाओं, अभिलेखों तथा उपभोक्ताओं को दी जा रही सेवाओं का गहनता से अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने गैस सिलेंडरों के भंडारण स्थल का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसियों पर सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन किया जाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। उन्होंने अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता तथा उनकी कार्यशीलता की भी जांच की और निर्देश दिया कि सभी उपकरण हमेशा कार्यशील स्थिति में रखें जाएं।
जिलाधिकारी ने एजेंसी में उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, जैसे प्रतीक्षालय, पेयजल, शिकायत पंजी तथा वितरण व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एजेंसी संचालक को निर्देशित करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को समय से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। यदि ऐसी शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने गैस वितरण से संबंधित अभिलेखों की जांच की और उपभोक्ताओं की बुकिंग, डिलीवरी एवं स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अभिलेखों को अद्यतन रखा जाए तथा वितरण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित उपभोक्ताओं से भी जिलाधिकारी ने बातचीत की और गैस आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उपभोक्ताओं द्वारा गैस आपूर्ति की व्यवस्था को संतोषजनक बताया गया।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने एजेंसी संचालक को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को समयबद्ध एवं सुगम तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को भी किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
इस अवसर पर एजेंसी संचालक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। जिलाधिकारी द्वारा किए गए इस निरीक्षण से गैस वितरण व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने में सहायता मिलेगी।

