जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन.
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी. एन. ने जनपदवासियों से अपील की है कि गैस सिलेंडर एवं डीजल जैसे आवश्यक संसाधनों का अनावश्यक भंडारण न करें। सभी लोग अपनी आवश्यकता के अनुसार ही गैस सिलेंडर और डीजल खरीदें, ताकि किसी भी व्यक्ति को इन आवश्यक वस्तुओं की कमी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन द्वारा गैस सिलेंडर एवं डीजल की आपूर्ति सामान्य रूप से कराई जा रही है, इसलिए घबराने या अधिक मात्रा में खरीदने की आवश्यकता नहीं है। अनावश्यक भंडारण से कृत्रिम कमी उत्पन्न हो सकती है, जिससे आम जनता को परेशानी होती है।
जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचें और केवल प्रशासन द्वारा जारी की गई आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा कालाबाजारी या जमाखोरी की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि सभी लोग जिम्मेदार नागरिक की तरह व्यवहार करें और प्रशासन का सहयोग करें, जिससे जनपद में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुचारु रूप से बनी रहे।

