सिद्धार्थनगर। अर्न्तराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री उ0प्र0 योगी आदित्यनाथ द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में आयोजित उ0प्र0 अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अन्तर्गत चयनित मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण एवं कन्या सुमंगला योजना के लाभार्थियों/उत्कृष्ठ कार्य करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को सम्मान कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
जिसका लाइव प्रसारण जनपद के अम्बेडकर सभागार में मुख्य अतिथि सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल, विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, विधायक डुमरियागंज सैय्यदा खातून, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा दीपक मौर्य, पूर्व विधायक इटवा सतीश द्विवेदी, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी0एन0, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह व अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में देखा गया।
अर्न्तराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री उ0प्र0 योगी आदित्यनाथ द्वारा उपस्थित महिला लाभार्थियों से संवाद किया गया तथा उनको विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मिल रहे लाभ के बारे में जानकारी प्राप्त किया गया। उन्होंने कहा कि कन्या सुमंगला योजना के माध्यम से बालिकाओं के स्नातक तक की शिक्षा के लिए धनराशि उपलब्ध करायी जा रही है जिससे बालिकायें शिक्षित होकर देश के लिए अपना योगदान दे सकें। मेधावी बेटियों को स्मार्ट फोन/टैबलेट उपलब्ध कराया जा रहा है जिससे तकनीकी शिक्षा आसानी से प्राप्त हो सके। आज मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति-पत्र, पुलिस विभाग में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली महिला कार्मिकों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं आदि को सम्मानित किया गया। प्रदेश सरकार द्वारा रोजगार मेलों के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति अभियान एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। जिससे महिलायें अपने पैरो पर खड़ी होकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा कर सके। प्रदेश में नारी सुरक्षा व स्वावलम्बन को लेकर विभिन्न योजनायें संचालित की जा रही है। प्रदेश में राशन कार्ड व आयुष्मान कार्ड के माध्यम से 05 लाख तक निःशुल्क इलाज की सुविधा मुहैया कराया जा रहा है। इस अवसर पर नव चयनित मुख्य सेविकाओं, कन्या सुमंगला योजना के लाभार्थियों आदि को बधाई दिया गया। सभी लोग मिलकर कड़ी मेहनत से कार्य करें और देश के विकास में अपना योगदान सुनिश्चित करें।
अर्न्तराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल को जिलाधिकारी द्वारा बुकें देकर स्वागत किया गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विधायक कपिलवस्तु, विधायक डुमरियागंज, जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व विधायक इटवा, जिलाध्यक्ष भाजपा को बुकें देकर स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल ने अर्न्तराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नियुक्ति-पत्र पाने वाली मुख्य सेविकाओं व कन्या सुमंगला योजना के लाभार्थियों को बधाई देते हुये कहा कि आज अर्न्तराष्ट्रीय महिला दिवस पूरे देश में आयोजित हो रहा है जिसके लिए मा0 प्रधानमंत्री व मा0 मुख्यमंत्री जी का आभार प्रकट किया गया। आज अर्न्तराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा महिलाओं को सशक्त व स्वावलंबी बनाने के लिए नियुक्ति पत्र व उत्कृष्ठ कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करने का कार्य किया गया। अन्य देशों में पहले महिलाओं को वोट देने का अधिकार नहीं था भारत ने महिलाओं के अधिकार, न्याय व स्वावलम्बन को धरातल पर उतारने का कार्य किया है। महिलाओं को जीरो बैलेंस पर जनधन खता खोला गया जिसमें विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी में माध्यम से धनराशि भेजी जा रही है। जब महिलायें सशक्त होंगी तभी देश का विकास सम्भव है। सभी को शुभकामनायें दी।
विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही ने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी उ0प्र0 के नेतृत्व में कानून व्यवस्था मजबूत हुआ है। महिलाओं को बाहर निकले पर सुरक्षा की चिन्ता रहती थी उनको सुरक्षा प्रदान करते हुये दिन व रात में वह कभी भी सुरक्षित वातावरण में निकल सकती हैं। बार्डर पर महिलायें देश की सुरक्षा के लिए सेवा दे रही हैं। प्रदेश सरकार द्वारा पं0 दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को सकार करते हुये अन्तिम पायदान पर खडें व्यक्ति को उपर उठाने का कार्य कर रही है। सभी को बधाई दिया गया।
विधायक डुमरियागंज सैय्यदा खातून ने सभी को अर्न्तराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुये कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री व मुख्य सेविकाओं द्वारा कम मानदेय के बावजूद कड़ी मेहनत से कार्य किया जा रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह ने कहा कि प्रदेश में बिना किसी भेदभाव के निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से आज नव चयनितों को नियुक्ति पत्र का वितरण किया जा रहा है। महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभ देकर प्रोत्साहित किया जा रहा है। जब एक महिला शिक्षित होती है तो पूरा परिवार शिक्षित होता है। हम सब मिलकर विकसित भारत के संकल्प को पूरा करें। सभी को बधाई दिया।
जिलाध्यक्ष भाजपा दीपक मौर्य, पूर्व विधायक इटवा सतीश द्विवेदी द्वारा अपने उद्बोधन के माध्यम से अपना विचार रखा।
अर्न्तराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल, विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, विधायक डुमरियागंज सैय्यदा खातून, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा दीपक मौर्य, पूर्व विधायक इटवा सतीश द्विवेदी, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी0एन0, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह द्वारा जनपद में 06 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र तथा चिकित्सा विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाली डाक्टर्स, पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला आरक्षी, पंचायती राज विभाग में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली ग्राम विकास अधिकारी, बेसिक शिक्षा विभाग में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली शिक्षिकाओं, खेल में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, कन्या सुमंगला योजना के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र व उपहार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों का आभार प्रकट किया गया।
इस अवसर पर उपरोक्त के अतिरिक्त जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय सिंह, समस्त सीडीपीओ व अन्य कर्मचारीगण व लाभार्थीगण उपस्थित थे।

