महराजगंज। जिले के निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम रामचन्द्रही में बीती रात एक शादी समारोह के दौरान जमकर बवाल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लाठी-डंडों से मारपीट और अफरा-तफरी का दृश्य दिखाई दे रहा है।
दूल्हन पक्ष की ओर से थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विवाह कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने अचानक बारातियों और घरातियों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने बारात में आई गाड़ियों में तोड़फोड़ की और घर में घुसकर मेहमानों के साथ भी मारपीट की। घटना में कई महिलाएं तथा नेपाल से आए कुछ बाराती घायल बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद किसी तरह जयमाल की रस्म पूरी कराई गई। तहरीर के अनुसार देर रात जब बारात वापस नेपाल लौट रही थी, तभी जंगल के पास रास्ता रोककर दोबारा मारपीट की गई और बोलेरो में रखा भेट स्वरूप का बक्सा लूट लिया गया। पीड़ितों का कहना है कि बक्से में सोने-चांदी के आभूषण थे।
पीड़ित परिवार ने वायरल वीडियो को साक्ष्य बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और लूटे गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जाएगी।

