महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा व पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना द्वारा जिला कारागार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सामान्य बैरक, महिला बैरक, कारागार चिकित्सालय, पाकशाला तथा पूरे जेल परिसर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बंदियों की समस्याएं सुनकर जेल अधीक्षक को संबंधित विभागों से समन्वय कर उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जमानत, पेशी, गवाही व अन्य न्यायिक प्रक्रियाओं में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से बंदियों को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही जेल मैन्युअल के अनुसार सुविधाएं सुनिश्चित करने और कैदियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम को व्यवस्थित कर संवेदनशील बिंदुओं की 24×7 निगरानी सुनिश्चित करने तथा हाई सिक्योरिटी बैरक का हैंडओवर जल्द पूरा कराने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक बृज किशोर गौतम सहित अन्य कारागार अधिकारी मौजूद रहे।

