महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा शुक्रवार को सदर तहसील कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों के कार्यों की समीक्षा करते हुए तहसीलदार न्यायालय में लंबित पुराने वादों की पत्रावलियों का अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने तहसील के विभिन्न पटलों पर कार्यरत कर्मचारियों की व्यक्तिगत पत्रावली, सर्विस बुक, जीपीएफ, आर.सी., वसूली, तहसील दिवस में प्राप्त जन शिकायतों के निस्तारण तथा रिकॉर्ड रूम में रखे फसली खसरा सहित अन्य अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि कर्मचारियों की व्यक्तिगत पत्रावली और सर्विस बुक में समय-समय पर मिलने वाले लाभ एवं संबंधित कार्यवाहियों का समुचित रूप से अंकन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी कर्मचारी अथवा अधिकारी की पत्रावली या सर्विस बुक अधूरी पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने 10 बड़े बकायेदारों की सूची तथा आर.सी. वसूली की स्थिति की भी समीक्षा की और आर.सी. के सापेक्ष प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आर.सी. के सापेक्ष कम वसूली होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए तथा प्रत्येक माह के अंत में समीक्षा के उपरांत आवश्यक कार्रवाई की जाए।
रिकॉर्ड रूम के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने फसली खसरा एवं बंदोबस्त अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए।
तहसील दिवस में प्राप्त जन शिकायतों के निस्तारण रजिस्टर के निरीक्षण के दौरान पवन गुप्ता (नेता, सुरहुरवा) तथा रामदुलारे (धनेवा धनेई) की खतौनी में नाम गलत दर्ज होने संबंधी शिकायतों की स्थिति के बारे में जिलाधिकारी ने दूरभाष पर जानकारी प्राप्त की। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उनका नाम सही कर दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, तहसीलदार पंकज शाही, अपर तहसीलदार देश दीपक त्रिपाठी, नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव एवं प्रद्युम्न सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

