महराजगंज। जिले के नौतनवां थाना क्षेत्र के गजरहां गांव में बारात जा रही गाड़ियों पर दबंगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बारातियों से भरी गाड़ियों को रास्ते में कुछ लोगों ने रोक लिया। ओवरटेक करने और साइड मांगने जैसी मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि दबंगों ने दूल्हे की गाड़ी को घेरकर दूल्हे समेत कई बारातियों के साथ मारपीट की। इस दौरान कई गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए गए, जिससे वाहनों को काफी नुकसान हुआ। अचानक हुई इस घटना से बारातियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और इलाके में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। पीड़ित पक्ष ने स्थानीय थाने में पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

