महराजगंज। जनपद के निचलौल कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अमड़ी पुल के पास सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक अनियंत्रित पिकअप वाहन अचानक सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जाकर पलट गई। हादसा इतना जोरदार था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वाहन में सवार लोग चीख-पुकार करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सवार थे, जो किसी धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। अमड़ी पुल के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकालने में जुट गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा अन्य नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया। इस दुर्घटना में पिकअप सवार दर्जनों लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जुट गई। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और यातायात को सामान्य कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

