महराजगंज। नौतनवां थाना क्षेत्र में पति द्वारा अपने दो मासूम बच्चों के साथ आत्महत्या किए जाने के चर्चित मामले में पुलिस ने वांछित पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला को मंगलवार को थाना नौतनवां गेट रोड से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 8 मार्च 2026 को वादी ने सूचना दी थी कि उसके भाई अमरेश ठाकुर और उसके दो नाबालिग बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी बन्दना कुमारी, जो एसएसबी 66वीं वाहिनी में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत है, अपने प्रेमी सोनू गौतम से पति के सामने ही बातचीत करती थी और विरोध करने पर उसे धमकाती थी।
बताया गया कि पत्नी के व्यवहार से आहत होकर अमरेश ठाकुर ने घटना से पहले दो वीडियो बनाकर अपनी आत्महत्या का कारण पत्नी, उसके प्रेमी और परिजनों को बताया था। साथ ही कमरे की दीवार पर सुसाइड नोट भी लिखा था। इसके बाद उसने पहले अपने दोनों नाबालिग बच्चों को फांसी पर लटका दिया और फिर खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नौतनवां थाने में मुकदमा संख्या 44/2026 धारा 61(2) व 108 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर वांछित अभियुक्ता बन्दना कुमारी को 10 मार्च 2026 को सुबह करीब 11.10 बजे थाना नौतनवां गेट रोड से गिरफ्तार कर लिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवां अंकुर गौतम के पर्यवेक्षण में नौतनवां पुलिस द्वारा की गई। गिरफ्तार अभियुक्ता को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

