डीएम ने यूपी एसआई परीक्षा के संबंध में की बैठक, दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
महराजगंज। पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को दिनांक 14 एवं 15 मार्च 2026 को जनपद में सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में यूपी एसआई परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों एवं संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों, केंद्र पुलिस प्रभारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी 12 परीक्षा केंद्रों का परीक्षा से पूर्व अनिवार्य रूप से निरीक्षण कर लें तथा वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की गहन जांच कर लें। यदि किसी भी केंद्र पर कोई कमी पाई जाती है तो उसे तत्काल संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाकर समय रहते दूर कराया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के सामान सुरक्षित रखने के लिए क्लॉक रूम की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। क्लॉक रूम को परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार के समीप ही स्थापित किया जाए, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें इधर-उधर भटकना न पड़े। साथ ही परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ी की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षा का संचालन समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से हो सके। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि परीक्षार्थियों से किसी भी प्रकार की अनावश्यक वसूली न होने पाए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सतत निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा परीक्षार्थियों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति परीक्षा की शुचिता को प्रभावित करने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान जनपद के लिए नामित जिला प्रबंधक डॉ. दिवाकर सिंह ने परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर कुल 04 पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 18,240 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, अपर उप जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
परीक्षा कार्य में लगाए गए सभी अधिकारी आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें, ताकि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ संपन्न कराया जा सके। – संतोष कुमार शर्मा, जिलाधिकारी

