गोरखपुर। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी के नेतृत्व में पदाधिकारियों व वरिष्ठ पत्रकारों ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संगठन की आगामी योजनाओं और पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
भेंट के दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रुप में समलित होने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों के हितों, उनकी सुरक्षा, सम्मान और कार्य के बेहतर माहौल जैसे महत्वपूर्ण विषयों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा। पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज होते हैं और वे जनहित के मुद्दों को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। ऐसे में पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनके लिए बेहतर सुविधाओं की व्यवस्था भी उतनी ही जरूरी है।
अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी ने मुख्यमंत्री को बताया कि संगठन पत्रकारों के कल्याण, सुरक्षा और सामाजिक सरोकार से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। पत्रकार समाज और सरकार के बीच एक सशक्त कड़ी के रूप में कार्य करते हैं और जनभावनाओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए समाज और संगठन के हित में बेहतर कार्य करेगी।
इस अवसर पर अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी के साथ उपाध्यक्ष धनेश निषाद, कोषाध्यक्ष दुर्गेश यादव, मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के उपाध्यक्ष गजेन्द्र त्रिपाठी तथा पूर्व उपाध्यक्ष अजित यादव उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से संगठन के विभिन्न पहलुओं पर सकारात्मक चर्चा की।
गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब हमेशा से पत्रकारों की एकजुटता, उनके अधिकारों की रक्षा और समाज के प्रति जिम्मेदार पत्रकारिता को मजबूत करने के लिए कार्य करता रहा है। – ओंकार धर द्विवेदी, अध्यक्ष

