उपाध्यक्ष ने जनसुनवाई आयोजित कर पीड़ित महिलाओं की शिकायतों को सुना
महराजगंज। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी द्वारा बुधवार को विकास भवन सभागार में जनसुनवाई आयोजित कर पीड़ित महिलाओं की शिकायतों को सुना गया तथा उनके निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में उपाध्यक्ष के समक्ष कुल 40 प्रकरण प्रस्तुत हुए, जिनमें अधिकांश मामले घरेलू हिंसा से संबंधित थे। घरेलू हिंसा के मामलों में मा० उपाध्यक्ष महोदया ने पुलिस अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित महिलाओं को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया। इसके अतिरिक्त पारिवारिक विवाद, पेंशन तथा राशन कार्ड से संबंधित प्रकरण भी उनके समक्ष प्रस्तुत हुए।
उपाध्यक्ष ने सभी मामलों को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही कर निर्धारित समय में अनुपालन आख्या प्रेषित करने का निर्देश दिया। योजनाओं से संबंधित मामलों में आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराते हुए पात्र महिलाओं को नियमानुसार लाभ सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं बिना किसी संकोच के अपनी समस्याओं को सामने रख सकें। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समाज में कई स्तरों पर संघर्ष करना पड़ता है, इसलिए अधिकारियों का दायित्व है कि वे पीड़ित महिलाओं के प्रति सहानुभूतिपूर्ण एवं जिम्मेदार व्यवहार अपनाएं।
उपाध्यक्ष ने उपस्थित महिलाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से संबंधित राज्य सरकार की नीतियों की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर अत्यंत गंभीर है। उन्होंने महिलाओं से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों पर तत्काल संपर्क करने का आह्वान किया तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने और महिला अपराधों के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
जनसुनवाई के दौरान उपाध्यक्ष ने थाना कोतवाली महराजगंज एवं थाना कोठीभार से जुड़े दो प्रकरणों में कड़ा रुख अपनाया। एक प्रकरण में ग्राम नटवा जंगल निवासी तैबू निशा ने शिकायत की कि उसके पति अबू हुरैश द्वारा लगातार मारपीट की जाती है तथा वह पूर्व में तीन शादियां कर चुका है। इस पर मा० उपाध्यक्ष महोदया ने कोतवाल महराजगंज को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस द्वारा आरोपी को मौके से ही हिरासत में लेकर हवालात भेज दिया गया।
इसी प्रकार थाना कोठीभार से जुड़े एक अन्य प्रकरण में शिकायतकर्ता प्रियंका वर्मा, पुत्री संतोष वर्मा, निवासी कटहरी खुर्द ने बताया कि दिनांक 04 मार्च 2026 को विपक्षीगण रिंकू वर्मा, पिंटू वर्मा आदि द्वारा उनके घर में घुसकर उनकी माता नगीना देवी का गला घोंटकर जान से मारने का प्रयास किया गया तथा शिकायतकर्ता के वस्त्र फाड़कर उसकी लज्जा भंग करने का गंभीर अपराध किया गया।
इस मामले में अब तक संतोषजनक कार्रवाई न होने पर उपाध्यक्ष महोदया ने कड़ा असंतोष व्यक्त करते हुए आरोपियों के विरुद्ध दो दिनों के भीतर कठोर कार्रवाई कर अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस प्रकरण की व्यक्तिगत स्तर पर मॉनिटरिंग की जाएगी तथा इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और इस संबंध में मा० मुख्यमंत्री द्वारा समय-समय पर स्पष्ट एवं कड़े निर्देश दिए जाते रहे हैं। ऐसे मामलों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।
जनसुनवाई के उपरांत जिला अस्पताल और वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान वार्ड में महिला मरीजों की संख्या कम होने पर नाराजगी जताई और आवश्यक कार्यवाही कर व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। वन स्टॉप सेंटर के निरीक्षण के दौरान मा. उपाध्यक्ष महोदया ने संवासिनियों से बात कर उन्हें समझाया और उन्हें बेहतर करने हेतु प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी कन्हैया यादव, क्षेत्राधिकारी सदर, थानाध्यक्ष महिला थाना महराजगंज, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस विभाग, पूर्ति विभाग, महिला वन स्टॉप सेंटर के काउंसलर व स्टाफ सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।

