Oplus_16908288
मऊ। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सत्यप्रिय सिंह द्वारा विकास खण्ड घोसी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ब्लॉक परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों तथा अभिलेखों की गहन जांच की गई।
निरीक्षण के क्रम में अपर जिलाधिकारी द्वारा मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन, पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालय, पंचायत सहायक कक्ष, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, परिवार रजिस्टर, विकास कार्यों से संबंधित अभिलेख तथा योजनाओं की प्रगति का अवलोकन किया गया। उन्होंने विकास खण्ड कार्यालय में रखे जाने वाले कैशबुक, आगंतुक पंजिका, स्टॉक रजिस्टर, पत्रावली निस्तारण पंजिका, शिकायत पंजिका तथा अन्य अभिलेखों का भी परीक्षण किया।
अपर जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मनरेगा के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने पाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्लॉक परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा कार्यालय अनुशासन पर भी विशेष जोर दिया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

