आनंदनगर, महराजगंज। फरेंदा क्षेत्र के सोनबरसा स्थित विष्णु मंदिर परिसर में चल रहे श्री श्री विष्णु महायज्ञ के दौरान रामलीला का भव्य मंचन किया जा रहा है। शनिवार की रात कलाकारों ने सीता स्वयंवर प्रसंग का मंचन कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
रामलीला का शुभारंभ समाजसेवी व वरिष्ठ पत्रकार विजय पांडेय ने आरती कर किया। मंचन के दौरान दिखाया गया कि राजा जनक द्वारा सीता स्वयंवर के लिए रखे गए भगवान शिव के धनुष को दूर-दूर से आए राजा-महाराजा तिल भर भी नहीं उठा सके। इससे व्यथित होकर राजा जनक सीता के विवाह को लेकर विलाप करने लगे।
इसी दौरान गुरु की आज्ञा से पहुंचे भगवान श्रीराम ने जैसे ही शिव धनुष को हाथ में उठाया, वह दो टुकड़ों में टूट गया। इसके बाद माता सीता ने भगवान श्रीराम के गले में वरमाला पहनाई। यह दृश्य देखकर पूरा पंडाल भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर समाजसेवी विजय पांडेय ने 5100 रुपये का दान देते हुए कहा कि सोनबरसा विष्णु मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से लोगों में भक्ति और संस्कृति के प्रति आस्था बढ़ती है।
कार्यक्रम में यज्ञ आचार्य जटाशंकर पांडेय, कथा व्यास आदित्य मणि त्रिपाठी, भोरिक यादव, दिनेश कसौधन, प्रमोद पासवान, मोलई जायसवाल, पल्टू गुप्ता, सच्चाराम गुप्ता, गणेश यादव, कृष्ण यादव, सुनील कसौधन, बेचू विश्वकर्मा, डॉ. सुनील जायसवाल, रामपाल उपाध्याय और अशोक नंदन पाठक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

